Thursday, March 3, 2011

जाम रोकेगा दिल्ली की सांसें

जाम रोकेगा दिल्ली की सांसें
संजीव जैन, मेरठ नौ मार्च को खेतों पर किसान नजर नही आएंगे। इस रोज वह अपने हक की मांग को लेकर देश की राजधानी नई दिल्ली के चारों ओर आंदोलन करते दिखेंगे। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने इस दिन दिल्ली सीमा के सात मुख्य मार्गों को जाम के चक्रव्यूह में फांसने की योजना बनाई है। नौ मार्च को किसी भी राज्य से न तो कोई वाहन दिल्ली में प्रवेश कर पाएगा और न ही कोई वाहन बाहर आ पाएगा। भाकियू ने किसानों से जुड़ी मांगों को लेकर यह योजना बनाई है। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने बताया कि आंदोलन में देशभर से एक लाख से अधिक किसान आठ मार्च को ही दिल्ली की ओर कूच कर देंगे। नौ मार्च को सुबह से आंदोलन शुरू हो जाएगा। किसान सात मार्गों पर चक्का जाम करेंगे और किसी भी हालत में कोई वाहन गुजरने नहीं दिया जाएगा। यहां होगा जाम मंडौला, यूपी गेट, महामाया फ्लाईओवर, पलवल, जयपुर हाइवे, रोहतक, दिल्ली-चडीगढ़ मार्ग। इन मार्गों पर क्रमश: नरेश टिकैत-चंद्रपाल फौजी (मेरठ व सहारनपुर मंडल), राष्ट्रीय महासचिव राजपाल शर्मा-प्रदेश अध्यक्ष दीवान चंद चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश चौहान, राकेश टिकैत, राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह, हरियाणा अध्यक्ष गुरचरण सिंह व पंजाब अध्यक्ष अजमेर सिंह आन्दोलन का नेतृत्व करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह टिकैत यूपी गेट पर रहेंगे। ये हैं मांगें भूमि अधिग्रहण अधिनियम 1864 में संशोधन, फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने को कमेटी का गठन, सस्ती ब्याज दरों पर कृषि यंत्र की उपलब्धता, बिना ब्याज किसानों को फसली ऋण, योजना आयोग में किसानों की भागीदारी। हर मिनट फंसेंगे 1500 वाहन दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से गृह मंत्रालय दी गई एक रिपोर्ट के अनुसार इन सात मार्गों पर प्रति मिनट 1500 वाहनों का आवागमन होता है। यदि जाम रहता है तो नौ मार्च को यूपी की ओर से कोई वाहन दिल्ली प्रवेश नहीं कर पाएगा।

No comments:

Post a Comment