Showing posts with label #Bharatiya Kisan Union #Rakesh Tikait #Farmers Protest. Show all posts
Showing posts with label #Bharatiya Kisan Union #Rakesh Tikait #Farmers Protest. Show all posts

Saturday, January 23, 2021

"26 जनवरी को किसान परेड ऐतिहासिक होगी!" चौधरी राकेश टिकैत


किसान परेड में राजनैतिक दलों के झंडो और व्यक्तियों के शामिल होने पर रहेगी पूरी तरह से पाबंदी - भाकियू


गाजीपुर बॉर्डर पर 26 जनवरी की तैयारियां जोरों पर है। कल बिजनौर के किसान दिगम्बर सिंह के नेतृत्व में हजारों ट्रैक्टरों के साथ गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे। लठ की जगह गन्ने पर संगठन और देश के झंडों को लगा के हजारों किसान देर रात धरने पर पहुंचे। रास्ते मे कई जगह किसानों के ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन किसानों के जज्बे और तीन काले कानून से बचने के दृढ़ निश्चय उन्हें रोक नही पाये। 

भारतीय किसान यूनियन के राकेश टिकैत ने बताया कि कल (22-01-2021) से गाजीपुर बॉर्डर पर ट्रैक्टर आने शुरू हो गए है। 26 जनवरी के ट्रैक्टर परेड के लिये पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं  उत्तराखंड के हर जिलों से भारतीय किसान यूनियन के झंडे तले करीबन 25000-30000 ट्रैक्टर गाजीपुर बॉर्डर पर पहुचेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों को छोड़कर अन्य जिलों के कार्यकर्ता अपने जिले में ही 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकालेंगे। 

संगठन के ट्रैक्टरों को रोकने के लिये उत्तर प्रदेश प्रशासन, संगठन के कार्यकर्ताओं को नोटिस भिजवा रहे है। जिसमें उन पर लॉक डाउन तोड़ने एवं धारा 144 का उलंघन करने पर कानूनी करवाई करने दबाव डाल के ट्रैक्टर परेड नही करने के लिये कहा जा रहा है। आज भी अलीगढ़ सहित कई जिलों में ट्रैक्टरों को रोक दिया गया है। किसान वही पर धरना दे रहे है। 

विभिन्न जिलों में प्रशासन की तरफ से कार्यकर्ताओं को धमकियां भी दी जा रही एवं प्रशासन पुलिस को भी उनके घर और गावँ के आसपास लगा रखा है। दिल्ली की तरफ आने वाले रास्तों पर चेकिंग और बैरिकेड लगा के किसानों को रोकने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है। 

"सरकार, किसानों को कितना भी रोकने की कोशिश कर ले लेकिन गणतंत्र दिवस पर किसानों को अपने देश के स्वाभिमान दिवस को मनाने से रोक नही सकते। देश का मजबूर किसान आज अपने हक और संघर्षो के लिये खड़ा है।" धर्मेंद्र मालिक, भाकियू। 

सरकार के नकारात्मक और दंभपूर्ण रवैये से किसान नाराज है। मिट्टी की पूजा करने वाला किसान देश के गर्व के दिन को धूम धाम से हर ट्रैक्टर पर तिरंगे के साथ मनायेगा। देश की सरकार किसानों से उनका देश प्रेम नही छीन सकती। 26 जनवरी को किसान दिल्ली की सड़कों पर पूरे स्वाभिमान के साथ देश के हर एक जन की अगुवाई में खड़ा होगा।


आज आंदोलन को मिली सफलतायें - 

लखनऊ में राजभवन घेराव जाते किसान 

  • उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सरकार द्वारा राजभवन घेराव कार्यक्रम पर रोक लगाए जाने के बावजूद भी सफल रहे कार्यक्रम।
  • जनपद सहारनपुर व हरिद्वार से घेराव करने देहरादून जा रहे किसानों को छुटमलपुर, ज्वालापुर, एवं डोईवाला में किसानों को रोके जाने पर किसानों ने देहरादून के दोनों बॉर्डर को बंद कर दिया। लगभग चार घंटे तक देहरादून के दोनों रास्ते बंद रहे। इसके बाद देहरादून से अधिकारियों ने आकर ज्ञापन लिया।
  • लखनऊ में पुलिस की पकड़ झगड़ के बावजूद भी गोसाईंगंज में हजारों किसान इकठ्ठा हुये। इसके बाद राज्यपाल भवन के लिए निकले। भारी पुलिस व्यवस्था के बावजूद भी पुलिस किसानों को नही रोक पायी। किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल को ले जाकर राजभवन में राज्यपाल महोदय के बाहर होने के कारण विशेष सचिव को ज्ञापन दिया गया। 

जय जवान, जय किसान

भवदीय,

धर्मेंद्र मलिक 

राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी 

भारतीय किसान यूनियन 

Wednesday, January 20, 2021

प्रेस नोट - भारतीय किसान यूनियन ( 20-01-2021)





प्रेस नोट

(20-01-2021)

  

सरकार के साथ आज की बैठक सकारात्मक चौधरी राकेश टिकैत अगली बैठक 22 जनवरी 12:00 बजे विज्ञान भवन में होगी कल संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में सरकार के प्रस्ताव पर होगा फैसला

कल 11:00 बजे किसान परेड को लेकर दिल्ली पुलिस के साथ होगी बैठक|

आज 20 जनवरी को दसवें दौर की बैठक काफी सकारात्मक रही बैठक के शुरू होने पर कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि सरकार खुले मन से चर्चा को तैयार है और आप संशोधन पर चर्चा करें। इस पर किसान नेताओं ने कहा कि हम संशोधन पर नहीं बिल वापसी पर बात करानेआए हैं। अगर आपको इस पर चर्चा करनी है तो चर्चा करें, अन्यथा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बात करें ।इसके बाद संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने एकमत होकर कृषि मंत्री जी को कहा कि एक तरफ आप समाधान ढूंढने की बात करते हैं और  दूसरी तरफ एनआईए हरियाणा पुलिस उत्तर प्रदेश पुलिस, उत्तराखंड पुलिस, और अन्य राज्यों के पुलिस के माध्यम से आंदोलनकारियों पर दबाव बनाने के लिए कार्यवाही कर रहे हो आंदोलन में मदद कर रहे लोगों को जो अपने आमदनी से कुछ बचा कर भावनात्मक रूप से दान कर रहा है उस पर राज्य के कलाकारों को गायको को , सामाजिक संगठनों को एनआईए के नोटिस भेज कर दबाव बना रहे हो ।जिस पर कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर जी ने कहा की यह सब बातें हमारे संज्ञान में नहीं है आपकी पिछली बैठक में हुई बातचीत का संज्ञान लेकर गृह मंत्रालय से वार्ता की है । चर्चा के बाद अब कोई नोटिस नहीं जाएंगे, आपको जो नोटिस प्राप्त हुए हैं उनको हमें दिए जाएं।  4:00 बजे तक चर्चा के ब्रेक लिया गया।ब्रेक के बाद  दोबारा बैठक शुरू होने पर कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर जी ने प्रस्ताव दिया कि हम इन बिलों को 2 साल तक के लिए स्थगित कर किसान और सरकार के प्रतिनिधियों की एक कमेटी का गठन कर सकते हैं। कमेटी बिल वह न्यूनतम समर्थन मूल्य पर चर्चा कर जो राय देगी उसी पर आगे का फैसला कर दिया जाएगा ।

सरकार के इस प्रस्ताव पर किसानों ने कहा कि कल आप के प्रस्ताव पर संयुक्त मोर्चा की बैठक में निर्णय कर आपको अवगत कराया जाएगा। सरकार के साथ अगली बैठक 22 जनवरी को 12:00 बजे विज्ञान भवन में होगी |

कल ट्रैक्टर परेड को लेकर 11:00 बजे दिल्ली पुलिस के साथ किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल वार्ता करेगा इस विषय पर दिल्ली पुलिस के साथ आज भी चर्चा की गई है लेकिन उसमें कोई सहमति नहीं बन पाई थी|

भवदीय

धर्मेन्द्र मलिक

भारतीय किसान यूनियन

9219691168