Monday, May 16, 2011

चौ० टिकैत पंचतत्व में विलीन




चौ० टिकैत पंचतत्व में विलीन


मुजफ्फरनगर। भाकियू सुप्रीमो चौ० महेन्द्र सिंह टिकैत का अंतिम संस्कार आज भाकियू की राजधानी सिसौली में किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र नरेश टिकैत ने उनकी चिता को मुखाग्रि दी। उन्हें श्रृद्धांजलि देने के लिए भाजपा उपाध्यक्ष कलराज मिश्र व प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही सिसौली पहुंचे थे। इनके अलावा केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, हरीश रावत, हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, सांसद जगदम्बिका पाल, पूर्व मंत्री बाबू हुकुम सिंह, पूर्व मंत्री वीरेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद अनुराधा चौधरी, सांसद संजय चौहान, पूर्व मंत्री किरणपाल सिंह अगौता, पूर्व मंत्री चितरंजन स्वरूप, पूर्व सांसद हरपाल सिंह पंवार, पूर्व सांसद हरेन्द्र मलिक, पूर्व सांसद स्वामी ओमवेश, सपा नेता आजम खां, रालोद जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह बालियान, जिला बार संघ अध्यक्ष ठा. अनूप सिंह, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष तिरसपाल सिंह मलिक समेत दर्जनों वीआईपी व देश-प्रदेश के लाखों किसान मौजूद रहे।
देश खाप के चौधरी सुरेन्द्र सिंह, गठवाला खाप के चौधरी हरिकिशन सिंह मलिक, चौ. सीताराम बहावडी, बत्तीसा खाप के चौधरी सूरजमल, किसान नेता युद्धवीर सिंह आदि भी चौ. टिकैत की अंतिम यात्रा में मौजूद रहे। अपने प्रिय नेता के अन्तिम दर्शनों का जन सैलाब उमड पडा। प्रशासन के साथ-साथ भाकियू कार्यकर्ताओं को भी व्यवस्था बनाने में काफी मशक्कत करनी पडी। चौ. महेन्द्र सिंह की टिकैत की अन्तिम इच्छा के अनुसार उनका अन्तिम संस्कार सिसौली स्थित किसान भवन के परिसर में ही किया गया।

ज्ञात हो कि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व किसान मसीहा के रूप में विख्यात चौ. महेन्द्र सिंह टिकैत का कल निधन हो गया था, वे 76 वर्ष के थे। उन्होंने कल प्रात: 7.2० बजे अपने पुत्र चौ. राकेश टिकैत के मुजफ्फरनगर स्थित आवास पर अन्तिम सांस ली। वे लीवर के कैंसर से पीडित थे, उनका लंबे समय से विभिन्न अस्पतालों में ईलाज चल रहा था लेकिन अब सभी डाक्टरों ने जवाब दे दिया था। वर्तमान में बाबा टिकैत का आयुर्वेदिक दवाईयों से उपचार किया जा रहा था।

No comments:

Post a Comment